मुंबई। पूर्व सांसद और भाजपा नेता किरीट सोमैया को सोमवार को आजाद मैदान पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सोमैया मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) मुख्यालय के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे थे। सोमैया और उनके समर्थक महापौर किशोरी पेडणेकर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। राजधानी में फिलहाल धारा 144 लागू है और सोमैया को मामले में प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई थी। इसके बावजूद दोपहर एक बजे के करीब सोमैया ने अपने साथियों के साथ मुंबई महानगर पालिका मुख्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। जिसके बाद आजाद मैदान पुलिस सभी को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
सोमैया का आरोप है कि किशोरी पेडणेकर और उनके परिवार के सदस्यों ने फर्जी कागजात के आधार पर वरली इलाके में झोपड़पट्टी पुनर्वसन योजना के तहत घर ले लिया है। जिसमें पेडणेकर का ऑफिस है। सोमैया ने धमकी दी है कि अगर मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुंबई महानगर पालिका मुख्यालय के सामने अनिश्चित काल तक हड़ताल पर बैठ जाएंगे। सोमैया इससे पहले मुंबई महानगर पालिका आयुक्त इकबाल सिंह चहल से मुलाकात कर पेडणेकर के खिलाफ भ्रष्टाचार की कई शिकायतें करते हुए कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। सोमैया ने कथित भ्रष्टाचार से जुड़े सबूत भी कमिश्नर को सौंपने का दावा किया था।